अगर आप इंटरव्यू देने जा रहे हैं या इंटरव्यू की तैयारी कर रहे हैं, तो ये पांच सवाल ऐसे होते हैं जो इंटरव्यू लेने वाले हमेशा पूछते हैं, हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि इसका सीधा असर इंटरव्यू लेने वालों पर पड़ता है.
लखनऊ. अगर आप इंटरव्यू देने जा रहे हैं या इंटरव्यू की तैयारी कर रहे हैं, तो पांच सवाल ऐसे होते हैं जो इंटरव्यू लेने वाले हमेशा पूछते हैं. ऐसे में यदि आप इन सवालों के जवाब इस तरह से तैयार कर लेते हैं तो आपकी नौकरी समझो पक्की. इतना ही नहीं इंटरव्यू में जाने से पहले कुछ खास बातें भी होती हैं जिनका आपको खास ध्यान रखना चाहिए.
दरअसल, हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि इसका सीधा असर इंटरव्यू लेने वालों पर पड़ता है. इंटरव्यू में किन बातों का खास ध्यान रखना चाहिए और कौन-कौन से होते हैं वह पांच सवाल चलिए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी में ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की डीन प्रोफेसर अरुणिमा वर्मा जी से जानते हैं.
इंटरव्यू के लिए खुद को ऐसे करें तैयार
प्रो. अरुणिमा वर्मा बताती हैं कि इंटरव्यू लेने वाले सबसे पहले आपके ड्रेसिंग स्टाइल और आपकी पर्सनालिटी को देखते हैं. ऐसे में इंटरव्यू यदि कोई लड़का देने जा रहा है तो फुल आस्तीन के कपड़े पहनना चाहिए, जूते अच्छे से पॉलिश होने चाहिए और बाल सही तरीके से बने होने चाहिए. वहीं, यदि कोई लड़की इंटरव्यू के लिए जा रही है तो उसे बेहद फॉर्मल ड्रेस पहनना चाहिए. हल्का मेकअप होना चाहिए. बाल अच्छे से बने हों. सबसे खास बात इंटरव्यू लेने वालों के सामने कभी भी गंभीर नहीं होना चाहिए और ना ही बे-वजह हंसना चाहिए. बस कॉन्फिडेंस से जवाब देना चाहिए.
इन पांच सवालों के जवाब जरुर करें तैयार
1- प्रो. अरुणिमा वर्मा ने बताया कि सबसे पहले इंट्रोडक्शन पूछा जाता है, क्योंकि इससे इंटरव्यू लेने वालों को इंटरव्यू देने वाले के बोलने का तरीका और अपनी बात को रखने का तरीका पता चल जाता है. ऐसे में जब अपना इंट्रोडक्शन दें तो अपनी खासियत बताना न भूलें. आप दूसरों से कैसे अलग है यह जरूर बताएं.
2- उन्होंने ने बताया कि इंटरव्यू लेने वाले जब पूछें कि आपकी दिलचस्पी किस विषय में है तो उसी विषय के बारे में बताएं जिस पर आपकी मजबूत पकड़ हो या उसी काम के बारे में बताएं जो काम आपको अच्छे से आता हो. कभी भी इंटरव्यू लेने वालों से यह न कहें कि कुछ भी पूछ लीजिए तो ऐसे में आप फंस सकते हैं.
3- इंटरव्यू लेने वाले जब पूछें कि आपकी इस काम में या इस विषय में पकड़ है तो क्यों पकड़ है, इसका जवाब भी आपके पास होना चाहिए. ऐसे में अब तक जितना भी काम किया है उसे अच्छे से बताएं.
4- आप इस जॉब प्रोफाइल में अपने आपको कैसे फिट पाते हैं यह सवाल हमेशा पूछा जाएगा, ऐसे में जिस कंपनी में इंटरव्यू देने जा रहे हैं उस कंपनी के बारे में सब कुछ आपको पता होना चाहिए. जिस पद के लिए आप आवेदन करने गए हैं उस पद की क्या जरूरतें हैं उसे भी आपको पता होना चाहिए,
5- इन दोनों इंटरव्यू में यह भी पूछा जाता है कि आप इस कंपनी में कितने दिन टिकेंगे यानी कितने दिन काम करेंगे. अगर आप बहुत जल्दी-जल्दी अपनी नौकरी बदलते हैं तो ऐसे में आपको रखने से पहले कोई भी कंपनी सोचेगी, इसीलिए किसी भी कंपनी में जाएं तो कम से कम एक से दो साल वहां काम करें इसके बाद ही कंपनी बदलें.
भूल कर भी ना करें ऐसी गलती
प्रोफेसर अरुणिमा वर्मा ने बताया कि इंटरव्यू में कभी खुद से यह न पूछें कि आपका वेतन कितना होगा. अगर इंटरव्यू लेने वाले आपसे पूछें तभी बताएं. अगर फिर भी आपको पूछना है तो इंटरव्यू खत्म होने के बाद यह सवाल करें. अगर आपको यह जानना है कि आपके काम करने के घंटे कितने होंगे तो यह भी आप इंटरव्यू खत्म होने के बाद ही पूछें.

إرسال تعليق