पीएम नरेंद्र मोदी स्वर्वेद मंदिर पहुंचे हैं। वह आज वाराणसी में 20 हजार करोड़ की 37 परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। पीएम वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी की यात्रा पर हैं। सोमवार को उनकी यात्रा का दूसरा दिन है। पीएम वाराणसी के उमराहा में बने स्वर्वेद महामंदिर पहुंचे हैं। उन्होंने मंदिर का उद्घाटन किया। पीएम मंदिर में मौजूद भक्तों को संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीएम के साथ मौजूद हैं।

पीएम मोदी आज वाराणसी में करीब 20 हजार करोड़ रुपए की 37 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद पीएम वाराणसी के ग्रामीण इलाके सेवापुरी में विकसित भारत संकल्प यात्रा में हिस्सा लेंगे। वह काशी संसद खेल प्रतियोगिता 2023 के प्रतिभागियों द्वारा कुछ लाइव खेल कार्यक्रम भी देखेंगे। पीएम विजेताओं के साथ बातचीत करेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी बातचीत करेंगे।

इन रेल परियोजनाओं का पीएम करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री करीब 10,900 करोड़ रुपए की लागत से बने न्यू पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर-न्यू भाऊपुर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। वह बलिया-गाजीपुर सिटी रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना और इंदारा-दोहरीघाट रेल लाइन गेज परिवर्तन परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे।

पीएम मोदी वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, दोहरीघाट-मऊ मेमू ट्रेन और लॉन्ग हॉल मालगाड़ियों की एक जोड़ी को हरी झंडी दिखाएंगे। वह बनारस लोकोमोटिव वर्क्स द्वारा बनाए गए 10,000वें लोकोमोटिव को भी हरी झंडी दिखाएंगे। नरेंद्र मोदी स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पर्यटकों को जानकारी देने के लिए बनाए गए वेबसाइट और यूनिफाइड टूरिस्ट पास सिस्टम का शुभारंभ करेंगे।

रविवार को प्रधानमंत्री ने नमो घाट पर काशी तमिल संगमम के दूसरे चरण का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि काशी और तमिलनाडु के बीच संबंध भावनात्मक होने के साथ-साथ रचनात्मक भी हैं। काशी तमिल संगमम एक ऐसा मंच बन गया है जिसने दोनों क्षेत्रों में जीवन के विभिन्न क्षेत्रों को एक-दूसरे के साथ बातचीत करने की अनुमति दी है।

Post a Comment

أحدث أقدم